news-details

स्वतंत्रता दौड़ को नगर पालिका अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जनप्रतिनिधिगण, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस, स्कूल एवं कॉलेज विद्यार्थी, एनसीसीए, एनएसएस, खेल संघों से जुड़े खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक और पत्रकारों ने लिया हिस्सा

महासमुंद 14 अगस्त 2019/महासमुंद जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आज सुबह स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। स्वतंत्रता दौड़ को नगर पालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल एवं कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या बंसल, स्काउट गाईड के जिलाध्यक्ष श्री दाउलाल चन्द्राकर, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह, अपर कलेक्टर मोहम्मद शरीफ खान, महासमुंद एसडीएम श्री सुनील कुमार चन्द्रवंशी, पार्षदगण, सहित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
     
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल ने कहा कि आज की यह दौड़ उन लोगों को याद करने का है, जिन्होंने देश की आजादी दिलाने में अपना स्वयं का बलिदान दिया है। यह अवसर हमें याद दिलाता है कि किन-किन कठिनाईयों, संघर्ष के पश्चात यह स्वतंत्रता हमें प्राप्त हुई है। इसके लिए लाखों सेनानियों ने अपना बलिदान किया, तमाम यातनाएं सहीं और अपने जान की बाजी लगाकर देश को आजाद कराया। उन्होंने कहा कि हम सभी को दौड़ना है और देश को भी विकास की दौड़ में आगे रहना है। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह, जिला स्काउट गाईड के अध्यक्ष श्री दाउलाल चन्द्राकर, प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री आनंद राम साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

स्वतंत्रता दौड़ में जनप्रतिनिधिगण, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल एवं कालेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसीए, एनएसएस, खेल संघों से जुड़े खिलाड़ी, खेल प्रेमी गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आभार प्रदर्शन जिला खेल अधिकारी श्री मनोज कुमार धृतलहरे ने किया। यह दौड़ मिनी स्टेडियम ग्राउण्ड कालेज से कचहरी चौक, सतबहनिया चौक, बरोण्डा चौक, नेहरू चौक, शास्त्री चौक से टॉउन हाल होते हुए वापस मिनी स्टेडियम के पास समाप्त हुई।




अन्य सम्बंधित खबरें