महासमुंद : एकलव्य विद्यालय की होनहार छात्रा पुष्पलता दिवान को मेडिकल कॉलेज में मिला प्रवेश
छात्रा की इस सफलता पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने बधाई दी है। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा, विभाग के आयुक्त वेंकट, और आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र की संचालक हिना नेताम सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छात्रा की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र टंडन ने बताया कि पुष्पलता दिवान शुरू से ही एक अत्यंत होनहार और अनुशासित छात्रा रही हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में भी विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। प्राचार्य ने कहा कि पुष्पलता अपने लक्ष्य को लेकर हमेशा सजग और प्रेरित थीं, और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर ही आज उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अपना चयन सुनिश्चित कराया है। यह पहला मौका नहीं है जब पुष्पलता की इस प्रतिभा को सराहा गया है। इससे पूर्व कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा साय द्वारा भी छात्रा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला स्तर पर सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया जा चुका है।