news-details

पॉलीथिन मुक्त धमतरी के लिए कलेक्टर-एसपी सहित नगरवासियों ने निकाली गई सायकल रैली

धमतरी, 15 सितम्बर 2019 | धमतरी जिले को शत-प्रतिशत पॉलीथिन मुक्त बनाने के उद्देश्य से शहर में आज सुबह कलेक्टर श्री रजत बंसल एवं एसपी श्री बालाजी राव के नेतृत्व में सायकल रैली का आयोजन किया गया। सायकल रैली के दौरान कलेक्टर सहित दल के सदस्यों ने गोलबाजार तथा इतवारी बाजार के सब्जी व्यावसायियों से प्लास्टिक की प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की समझाईश दी गई साथ ही उन्हें वैकल्पिक उपयोग के लिए कैरी बैग बांटे गए।

आज सुबह नौ बजे सायकल रैली की शुरूआत स्थानीय पुरानी कृषि उपज मण्डी के परिसर से हुई, जो सिहावा चौक, घड़ी चौक, गोलबाजार, सदरबाजार मार्ग होते हुए नगर निगम कार्यालय के समीप इतवारी बाजार परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान कलेक्टर ने सब्जी व्यावसायियों से चर्चा करते हुए प्लास्टिक निर्मित पॉलीथिन के बारे में बताया कि इनके उपयोग से पर्यावरण सहित मानव जीवन को भविष्य में गम्भीर समस्याओं एवं चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इसके दुष्परिणामों के बारे में अवगत करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग को धमतरी शहर सहित जिले में शत-प्रतिशत बंद करके उसके विकल्प के तौर पर प्लास्टिक फ्री कैरी बैग का उपयोग करने की अपील की। इस दौरान रैली में शामिल लोगों के द्वारा नो प्लास्टिक, नो पॉलीथिन लिखी हुई तख्तियों के माध्यम से जागरूक होने का प्रदर्शन भी किया गया, साथ ही शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के नारे भी लगाए गए। रैली में कलेक्टर के साथ नगर निगम के आयुक्त श्री आशीष टिकरिहा, यूथ हॉस्टल एसोसिएशन तथा फिटलाइफ क्लब के सदस्यों सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।




अन्य सम्बंधित खबरें