news-details

जिले के विकासखण्डों में 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर के मध्य गांधी विचार यात्रा का होगा आयोजन

कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में दिए निर्देश

महासमुन्द 09 अक्टूबर 2019/राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वी जयन्ती के उपलक्ष्य में जिले के विकासखण्डों, जनपद पंचायतों में 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर के मध्य गांधी विचार यात्रा (पदयात्रा) का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने पत्र जारी कर जिले के जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए है।

कलेक्टर श्री जैन ने इस संबंध में बताया कि इस पदयात्रा के दौरान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत महात्मा गांधी के जीवन दर्शन का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ विकासखण्ड स्तर पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी तथा महाविद्यालयांे के छात्र-छात्राओं के बीच महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं नाटक का आयोजन किया जाकर उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस पदयात्रा में त्रि-स्तरीय पंचायतों के प्रतिनिधियों, पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत के अध्यक्ष को सम्मिलित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। 

पदयात्रा के स्थान पर ग्राम पंचायत में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें त्रि-स्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों, स्व-सहायता समूह के सदस्यों, युवाओं को आमंत्रित किया जाएगा एवं गांधी जी के जीवन दर्शन पर चर्चा की जाएगी। गांधी विचार यात्रा के कार्यक्रम आयोजन तिथि निर्धारण करते समय जिले के प्रभारी मंत्री, सासंद एवं विधायकगण से परामर्श लेकर तय करने के लिए कहा गया है।  




अन्य सम्बंधित खबरें