कार से किचन तक राहत : GST 2.0 से मिडिल क्लास को मिली बड़ी राह... - CG Sandesh

कार से किचन तक राहत : GST 2.0 से मिडिल क्लास को मिली बड़ी राहत

मोदी सरकार के हालिया फैसले, पहले इनकम टैक्स सुधार और अब GST 2.0 ने कर व्यवस्था की दशकों पुरानी जटिलताओं को तोड़ कर उस सोच को भी बदल दिया है जिसमें माना जाता था कि टैक्स राहत देने से देश की आर्थिक प्रगति पर असर पड़ेगा। नई आर्थिक सोच ने इस धारणा को उलटते हुए नागरिकों को राहत और सशक्तिकरण का सीधा अनुभव तो दिया ही, साथ ही अर्थव्यवस्था के लिए भी शुभ संकेत हैं। गांव से लेकर शहर तक, किसान से लेकर कारोबारी तक और रसोई से लेकर मेडिकल स्टोर तक हर स्तर पर इस बदलाव की गूंज सुनाई दे रही है।

यह क्षण इसलिए ऐतिहासिक है क्योंकि भारत अब ‘टैक्स-फ्री नागरिक’ की ओर बढ़ने वाली नई आर्थिक व्यवस्था का अनुभव कर रहा है। टैक्स में राहत और कल्याणकारी योजनाओं का यह मेल वह ठोस आधार गढ़ रहा है जिस पर ‘अच्छे दिनों’ की इबारत टिकी है।

एक बहुत बड़ी आबादी को राहत

बजट 2025–26 में घोषित इनकम टैक्स सुधारों ने टैक्स ढांचे को आम लोगों के लिए बेहद सरल और राहतकारी बना दिया। अब सालाना 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होता। मानक कटौती (standard deduction) के चलते यह सीमा प्रभावी रूप से 12.75 लाख रुपये तक पहुंचती है।

आयकर विभाग के आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि 2023–24 में दाखिल हुए 7.97 करोड़ रिटर्न्स में से करीब 7.16 करोड़ करदाताओं की आय 12 लाख रुपये से कम थी यानी लगभग 90% टैक्स फाइलर्स इस दायरे में आ गए हैं। नतीजतन एक बहुत बड़ी आबादी पूरी तरह टैक्स-मुक्त हो रही है।

इससे बहुत बड़ी संख्य़ा में करदाताओं को सीधा फायदा हो रहा है खासतौर पर वे लोग जो हर साल 20 से 80 हज़ार रुपये तक टैक्स देते थे। अब उनकी जेब में पूरी बचत होगी। विशेषज्ञ मानते हैं कि इससे मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति (purchasing power) और बचत दोनों बढ़ेंगी और अर्थव्यवस्था को को भी लाभ मिलेगा।

GST 2.0: अब तक का सबसे बड़ा सुधार क्यों?

इनकम टैक्स में राहत के तुरंत बाद मोदी सरकार ने 22 सितंबर को GST 2.0 लागू कर एक और ऐतिहासिक कदम उठाया। यह सुधार सीधे आम नागरिकों के रोज़मर्रा के खर्च पर असर डालता है। अब ज़्यादातर ज़रूरी सामान 0% या 5% टैक्स स्लैब में हैं। जीवनरक्षक दवाएं, गंभीर बीमारियों की दवाएं और हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम को टैक्स-मुक्त कर दिया गया है।
सीधे शब्दों में कहें तो पहले जहां 10,000 रुपये के मासिक खर्च पर किसी परिवार को 1500 रुपये टैक्स देना पड़ता था, वहीं अब यह घटकर केवल 500-600 रुपये रह गया है। सालाना आधार पर देखें तो हर मध्यमवर्गीय परिवार को लगभग 12,000 रुपये की सीधी बचत हो रही है। यह राशि बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, इंश्योरेंस या निवेश में काम आ सकती है।

भारतीय मध्यमवर्ग के लिए कार ख़रीदना हमेशा से सामाजिक और आर्थिक प्रगति का प्रतीक रहा है। महंगे टैक्स और ऊंचे प्रीमियम के कारण यह सपना कई बार अधूरा रह जाता था। नई GST दरों के तहत छोटी कारों (Petrol में 1,200cc तक या Diesel में 1,500cc तक) पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है और पहले का सेस भी पूरी तरह हटा दिया गया है।

जनकल्याण पर केंद्रित साझेदार सरकार

मोदी सरकार ने टैक्स ढांचे को सरल बनाकर यह संदेश दिया है कि वह जनकल्याण पर केंद्रित एक साझेदार है। टैक्स से मिलने वाली राहत सीधे उन योजनाओं से जुड़ रही है जो नागरिकों की सुरक्षा और जीवनस्तर को मज़बूत करती हैं।

आयुष्मान भारत योजना से लाखों गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। जनऔषधि केंद्र 90% तक सस्ती दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। मातृत्व देखभाल, मुफ्त टीकाकरण और डिजिटल हेल्थ मिशन ने आम नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच दिया है।

मिडिल क्लास मोदी सरकार की प्राथमिकता

अक्सर मिडिल क्लास को ‘साइलेंट टैक्सपेयर’ माना जाता था, जिसे न तो सब्सिडी मिल पाती थी और न ही सीधी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकिन मोदी सरकार ने इस धारणा को बदल दिया। यह सुधार इस बात का संकेत है कि सरकार मिडिल क्लास को भी उतनी ही गंभीरता से देखती है जितनी किसानों, गरीबों या उद्योगों को। यह आर्थिक ही नहीं बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अहम संदेश है।

नए भारत का सामाजिक-आर्थिक मॉडल?

आर्थिक विशेषज्ञ मानते हैं कि टैक्स राहत और कल्याणकारी योजनाओं का यह संगम भारत को एक नई दिशा दे रहा है। दशकों बाद पहली बार आम नागरिक को केवल टैक्स छूट ही नहीं बल्कि जीवनभर का आर्थिक सुरक्षा कवच भी मिला है।

यह दोहरी रणनीति, एक तरफ टैक्स बोझ घटाना और दूसरी तरफ मुफ्त व सस्ती सेवाएं देना मोदी सरकार की आर्थिक सोच का मूल है। इससे नागरिकों को सीधा लाभ मिलता है और सरकार-जनता के बीच नया सामाजिक अनुबंध बन रहा है।

अब यह स्पष्ट है कि ये वही अच्छे दिन हैं जिनका वादा किया गया था। यह अच्छे दिन जाति या पहचान से बंधे नहीं हैं बल्कि हर वर्ग किसान, मज़दूर, मध्यम वर्ग, महिला, युवा को समान रूप से लाभ पहुंचा रहे हैं।

आर्थिक संरचना में बड़े बदलाव के मायने?

GST 2.0 और इनकम टैक्स सुधारों ने भारत की आर्थिक संरचना को गहराई से बदल दिया है। इससे न केवल मध्यम वर्ग की जेब में राहत आई है बल्कि समाज में एक साझा भाव भी मजबूत हुआ है कि सरकार नागरिकों की सहयोगी है, बोझ डालने वाली नहीं।

आज भारत केवल टैक्स सुधारों की कहानी नहीं लिख रहा बल्कि ‘सशक्त नागरिक और सशक्त राष्ट्र’ के उस मॉडल को गढ़ रहा है जहां अच्छे दिन नारे भर नहीं बल्कि एक जीती-जागती हक़ीक़त हैं।

‘सशक्त मिडिल क्लास ही सशक्त भारत की गारंटी’

मोदी सरकार की नई GST दरें किसी त्योहार से कम नहीं। कार का सपना पूरा करना आसान हो गया है, बीमा पॉलिसी अब टैक्स-फ्री है, रोज़मर्रा के सामान और खाने-पीने की चीज़ें सस्ती हो गई हैं और इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी राहत मिल रही है।

यह सुधार न सिर्फ़ मिडिल क्लास को आर्थिक तौर पर सशक्त कर रहा है बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार कहा है कि ‘सशक्त मिडिल क्लास ही सशक्त भारत की गारंटी है’। नई GST दरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस सोच का सशक्त प्रमाण है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें