सांकरा : बलदीडीह क्रॉसिंग के पास सड़क हादसे में प्रधान आरक्षक की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 फोरलेन पर सांकरा जोंक नदी बलदीडीह क्रॉसिंग के समीप रविवार सुबह लगभग 11:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बागबाहरा थाना में पदस्थ गोडमर्रा बसना निवासी प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों तथा पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोडमर्रा निवासी दयासागर भोई उम्र 40 साल बागबाहरा थाना में पुलिस प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे अवकाश लेकर अपने गृह ग्राम गोडमर्रा आए हुए थे।
रविवार को किसी निजी कार्य से पिथौरा गए थे और काम पूरा कर अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीयू 7059 से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बलदीडीह स्थित सांकरा जोंक नदी क्रॉसिंग के निकट उनकी मोटरसाइकिल की बसना से रायपुर की ओर जा रहे ट्रेलर वाहन क्रमांक आरजे 04 जीडी 2633 से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल चालक रांग साइड से आ आ रहा था। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराने के बाद बाइक चालक वाहन के नीचे जा घुसा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दयासागर भोई को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। जवान बेटे की असमय मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
दयासागर भोई के निधन की खबर जैसे ही ग्राम गोडमर्रा सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, शोक की लहर फैल गई। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और पुलिस विभाग में गहरा दुख व्याप्त है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
घटना स्थल सांकरा पुलिस थाना क्षेत्र का होने के कारण पिथौरा थाना से जीरो कायमी डायरी मिलने के बाद सांकरा पुलिस घटना की विवेचना करेगी । जिसमें घटना का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा ।