पिथौरा : पेंड्रावन के राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न सामग्री वितरण सुनिश्चित किया गया
शासकीय उचित मूल्य दुकान पेंड्रावन के वितरण प्रतिशत के संबंध में जांच कर खाद्य निरीक्षक पिथौरा ने बताया कि । पोर्टल के अनुसार 29 मई 2026 को उक्त दुकान का वितरण प्रतिशत 32.33 प्रतिशत दर्ज था। जांच के दौरान यह पाया गया कि दुकान संचालन एजेंसी राधा कृष्णा महिला खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सहकारी समिति मर्या., जामजुड़ा द्वारा माह अप्रैल से जून 2026 के लिए 3 माह का एकमुश्त चावल वितरण तथा माह अप्रैल की अन्य सामग्रियों का वितरण निर्धारित समयावधि में नहीं किया जा रहा था। जांच दिनांक 07 मई 2026 तक 529 राशन कार्डों में से केवल 104 कार्डधारकों (19.66 प्रतिशत) को ही सामग्री वितरित की गई थी तथा 28 अप्रैल 2026 के बाद वितरण कार्य बंद पाया गया।
खाद्य निरीक्षक पिथौरा ने बताया कि दुकान संचालन एजेंसी को कई बार निर्देशित एवं आदेशित किए जाने के बावजूद वितरण व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर हितग्राहियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पिथौरा को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके आधार पर दुकान का आबंटन प्राधिकार निलंबित कर शासकीय उचित मूल्य दुकान पेंड्रावन को अस्थायी रूप से शासकीय उचित मूल्य दुकान कुम्हारीमुड़ा, संचालन एजेंसी जय बजरंग किसान महिला स्व सहायता समूह, भुरकोनी से संबद्ध किया गया।
हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समयाभाव को देखते हुए पेंड्रावन के राशन कार्डधारकों को आसपास की दुकानों से भी सामग्री वितरण की व्यवस्था की गई। इसके तहत शासकीय उचित मूल्य दुकान ढोढरकसा से 52 कार्ड, देवरी से 20 कार्ड, मोहगांव से 51 कार्ड तथा ढाबाखार से 87 कार्डों को सामग्री वितरण पूर्ण कराया गया। शेष पात्र हितग्राहियों को पेंड्रावन दुकान से ही खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया गया।