CG : महिला समूह की राशि में अनियमितता पर FIR दर्ज
अम्बिकापुर : जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी मिथलेश पैंकरा ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत गठित महिला समूह के नाम पर 6 लाख रुपए निकालने के सम्बन्ध में प्राप्त सूचना पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जांच हेतु समिति गठित की गई थी। जांच समिति के द्वारा पाया गया कि ग्राम पंचायत कोसगा की सक्रिय महिला अंबानी महतवार के द्वारा आम महिला स्व सहायता समूह से 1.20 लाख एवं अनमोल आजीविका ग्राम संगठन से 5.99 लाख कुल रूपए 7.19 लाख नियम विरूद्ध लिया गया है।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा अंबानी महतवार को 10 दिवस के भीतर ब्याज सहित सम्पूर्ण राशि संबंधित संगठनों को वापस करने हेतु निर्देशित किया गया, किंतु उक्त अवधि में इनके द्वारा राशि वापस नहीं की गई। राशि वापस नहीं करने के कारण लखनपुर के चारपारा के कोसगा की निवासी पवित्री चैधरी के द्वारा थाना लखनपुर में उपस्थित होकर उनके साथ हुए फर्जीवाड़े के संबंध में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया।
जिसके अनुसार अबांनी महतवार लगभग 1 वर्ष से स्व सहायता समूहों का पैसा अपने पास रखी हैं एवं पैसा वापस नहीं कर रही हैं। जिसके आधार पर थाना प्रभारी लखनपुर के द्वारा भारतीय दण्ड संहिता 2023 की धारा 318 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने समस्त मैदानी अमलों एवं स्व सहायता समूहों को स्पष्ट निर्देश प्रदान किया गया है, कि भविष्य में किसी भी संगठन में किसी भी स्तर पर कोई वित्तीय अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।