जांजगीर-चांपा : गौरक्षक दल से कथित मारपीट के विरोध में शिवरीनारायण थाने का घेराव, कार्रवाई की मांग
जांजगीर-चांपा : जिले के शिवरीनारायण में गौरक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कथित मारपीट की घटना के विरोध में शिवरीनारायण थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पंचायत कार्यालय में गौसेवा दल के सदस्यों के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। घटना से नाराज बड़ी संख्या में गौरक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उनका कहना है कि दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।