महासमुंद : बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत हायर सेकण्डरी स्कूल छपोराडीह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
छात्राओं को भविष्य के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेंद्र जाटवर के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) ने मंगलवार को हायर सेकण्डरी स्कूल छपोराडीह में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत किशोरी बालिकाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्राओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार तथा विभिन्न रोजगारपरक अवसरों की जानकारी देकर उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के विषय विशेषज्ञ ने छात्राओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल प्रशिक्षण के विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए कहा कि आज के दौर में कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं से अपनी रुचि के अनुरूप कौशल विकसित कर रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मिशन शक्ति हब की वित्तीय साक्षरता एवं समन्वय विशेषज्ञ ने छात्राओं को बचत की आदत, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग, डिजिटल भुगतान, वित्तीय प्रबंधन तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं जिला बाल संरक्षण इकाई (आईसीपीएस) के सामाजिक कार्यकर्ता ने बाल अधिकार, बाल संरक्षण एवं सुरक्षित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता से अवगत कराया और किसी भी आपात स्थिति में इस निःशुल्क सेवा का उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कैरियर, उच्च शिक्षा एवं भविष्य से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
अन्य सम्बंधित खबरें