बसना : आदिवासी युवा प्रभाग व सर्व आदिवासी समाज ने किया वृक्ष... - CG Sandesh

बसना : आदिवासी युवा प्रभाग व सर्व आदिवासी समाज ने किया वृक्षारोपण

बसना : आदिवासी युवा प्रभाग सरायपाली–बसना एवं सर्व आदिवासी समाज, बड़े साजापाली के संयुक्त नेतृत्व में माँ विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण एवं विद्यालय परिसर, बी. बनडबरी जमदरहा में भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 300 फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व आदिवासी समाज परिक्षेत्र बड़े साजापाली के अध्यक्ष उसुम कुमार बरिहा एवं आदिवासी युवा प्रभाग सरायपाली–बसना के अध्यक्ष देव ठाकुर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण उद्यान विकास विस्तार अधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपेन्द्र कुमार नाग उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में जनपद सदस्य मती मीना सत्यानंद बरिहा, सेवानिवृत्त प्राचार्य फागुलाल बरिहा, डॉ. योगेश कुमार बरिहा, पूर्व जनपद सदस्य सोनसाय बरिहा, कर्मचारी प्रभाग के अध्यक्ष विजय सिंह सिदार, समाज के सचिव छत्तरसिंह जगत, कोषाध्यक्ष चंदर सिंह सिदार, उपाध्यक्ष करम सिंह जगत, युवा प्रभाग के सचिव राजू सिदार, सर्व आदिवासी समाज परिक्षेत्र बड़े साजापाली के अध्यक्ष एवं बिंझवार समाज के युवा अध्यक्ष खिलेश बरिहा, अखिल भारतीय गोंड़ समाज फुलझर राज के युवा अध्यक्ष एवं आदिवासी युवा प्रभाग सरायपाली–बसना के सचिव राजेंद्र सिदार, गोंड़ समाज भंवरपुर के युवा अध्यक्ष नोहर सिंह सिदार, भटगांव राज के युवा अध्यक्ष अरविन्द बरिहा, सचिव राजेंद्र बरिहा तथा कोंध समाज के युवा अध्यक्ष संजय कुमार गहिर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि उपेन्द्र कुमार नाग ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रत्येक परिवार को अपनी बाड़ी में मौसमी साग-सब्जियों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को पौष्टिक एवं ताज़ी सब्जियाँ मिलने के साथ अतिरिक्त आय का भी स्रोत विकसित होता है। उन्होंने जैविक खेती, उन्नत सब्जी उत्पादन तकनीक, फलदार एवं छायादार पौधों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं रोजगार से जुड़ी शासकीय योजनाओं तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी पढ़ाई जारी रखें, आधुनिक तकनीकों को अपनाएँ तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा साथी, विद्यार्थी एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान आगामी विश्व आदिवासी दिवस (09 अगस्त) के सफल आयोजन, पर्यावरण संरक्षण तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन "एक व्यक्ति–एक पौधा" के संकल्प तथा "जय सेवा, जय जोहार, जय आदिवासी" के उद्घोष के साथ हुआ।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें