छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ, 120 बेटियों को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम पंचायत आरा में छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित होगा। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश हो चुका है, जिनमें करीब 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से हैं। यहां आधुनिक लैब, छात्रावास और अन्य सुविधाओं के साथ छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के अलावा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के पावन अवसर पर इस संस्थान की शुरुआत होना जशपुर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। मरीजों का जीवन बचाने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में डॉक्टरों के साथ नर्सों की भूमिका भी बेहद अहम होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है।
राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या 15 से अधिक हो चुकी है। इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज का स्थायी भवन चरईडांड में बनाया जाएगा। फिलहाल इसका संचालन झरगांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन से हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के साथ विकास कार्यों को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने मोदी की गारंटी के तहत किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1600 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं। इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे प्रदेश में केंद्रों की संख्या बढ़कर 3100 हो गई है। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की पात्रता के अनुरूप लाभ देने की बात भी उन्होंने कही।
पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन प्रभात कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं
को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी
सुनिश्चित करना है। प्रचेत फाउंडेशन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया
फाउंडेशन का गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम है, जिसके माध्यम से जनजातीय और वंचित वर्गों के युवाओं, महिलाओं सहित अन्य जरूरतमंद समुदायों को कौशल प्रशिक्षण देने का कार्य किया
जा रहा है।