चक्रवात ‘अकवान’ हुआ कमजोर, मध्य ओडिशा के ऊपर बना स्पष्ट कम द... - CG Sandesh

चक्रवात ‘अकवान’ हुआ कमजोर, मध्य ओडिशा के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र

ओडिशा के तटों से होकर गुजरने के बाद चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर पड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे चक्रवात ‘अकवान’ कमजोर होकर मध्य ओडिशा के ऊपर एक स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया।

आईएमडी ने शनिवार रात 1.07 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए बताया कि चक्रवात ‘अकवान’ राज्य के दक्षिणी तटीय हिस्से से उत्तर की ओर बढ़ने के बाद मध्य ओडिशा के ऊपर एक स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ के ओडिशा के ऊपर लगभग उत्तर की ओर बढ़ने के साथ-साथ अगले 6 घंटों के दौरान और कमजोर होकर एक ‘लो प्रेशर एरिया’ (कम दबाव का क्षेत्र) में तब्दील होने की संभावना है।

विभाग ने कहा कि इस सिस्टम से जुड़ा यह आखिरी अपडेट है। हालांकि, नेशनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर और संबंधित मौसम केंद्रों की ओर से इस सिस्टम के संबंध में नियमित बुलेटिन जारी रहेंगे।

इससे पहले, शुक्रवार दोपहर करीब पौने 2 बजे मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के पास मौजूद ‘अकवान’ पिछले छह घंटों के दौरान 26 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा था। सुबह 7.30 से 8.30 बजे के बीच यह 70-80 किमी प्रति घंटे की हवा की गति के साथ गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर चुका था।

यह तूफान दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों और उससे सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में केंद्रित था। यह गोपालपुर (ओडिशा) के पास, कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 120 किमी उत्तर-पूर्व में, पुरी (ओडिशा) से 130 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में और विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 230 किमी उत्तर-पूर्व में स्थित था ।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें