बस की टक्कर से पुल से नीचे नहर में गिरी कार, दो महिलाओं समेत... - CG Sandesh

बस की टक्कर से पुल से नीचे नहर में गिरी कार, दो महिलाओं समेत 5 की मौत

रूपनगर। पंजाब में सोमवार सुबह दिल दहलाने वाली दुर्घटना सामने आई है। घनौली के पास अहमदपुर वाले पुल से एक कार भाखड़ा नहर में गिर गई। कार को प्राइवेट कंपनी की बस ने ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी थी। बाद में राजस्थान नंबर की क्रेटा कार को हाइड्रा मशीन से नहर से बाहर निकाला गया। दो महिलाओं और एक बच्चे सहित कुल पांच शव कार के अंदर से बाहर निकाले गए हैं। पुलिस सभी की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

निजी बस ने कार को इतनी तेज टक्कर मारी कि वह पुल की रेलिंग तोड़ नहर में जा गिरी। कुछ देर बाद कार में से एक महिला बह गई और उसके बहते पर्स को लोगों ने किसी तरह काबू किया। लोगों ने बाद में हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को नहर से निकालने का काम शुरू किया। अभी तक पांच शव मिले हैं। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि कार में एक और छोटा बच्चा सवार था, जो बह गया। फिलहाल, बचाव कार्य जारी है।  

पर्स के अंदर से मिला महिला का पहचान पत्र  

बताया जा रहा है कि एक महिला के बहते पर्स को लोगों ने किसी तरह पकड़ लिया। पर्स के अंदर महिला का पहचान पत्र मिला। इसके मुताबिक कार में राजस्थान के सीकर जिले के गांव बोरिया की सरिता पुनिया पत्नी सतीश कुमार पुनिया सवार थी। लोगों के मुताबिक गिरने के बाद कार तुरंत नहर में डूब गई।

जान बचाने के लिए कार की खिड़की खोल चिल्लाए सवार

भाखड़ा नहर में कार गिरने के बाद कार अंदर फंसे सवारों ने शीशे खोलकर बचाव के लिए खूब शोर मचाया। कार को गिरते देखने वाले गांव दुगरी के सुरिंदर सिंह ने बताया कि कार श्री आनंदपुर साहिब की तरफ से आ रही थी और उसे पीछे से आई प्राइवेट बस ने ओवरटेक करते हुए टक्कर मारी, वह नहर में गिरते ही डूब गई।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें