कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का निधन, कई प्रदेशों के रहे थे राज्यपाल
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के राज्यपाल रह चुके के शंकरनारायणन का रविवार को उनके आवास पर निधन हो गया। वह 89 साल के थे। इसकी जानकारी पारिवारिक सूत्रों ने दी।
के शंकरनारायणन महाराष्ट्र, नगालैंड और झारखंड के राज्यपाल थे। उन्होंने राज्यपाल के रूप में अरुणाचल प्रदेश, असम और गोवा का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला था। शंकरनारायणन चार बार विधायक रह चुके थे। केरल सरकार में उन्होंने वित्त, कृषि और उत्पाद शुल्क सहित कई विभाग संभाले थे।
शंकरनारायणन 16 वर्षो तक यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के संयोजक थे और उन्होंने मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस-मणि सहित गठबंधन सहयोगियों के साथ एक उत्कृष्ट तालमेल बनाए रखा था, जब यूडीएफ सत्ता में और विपक्ष में था।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और विपक्ष के नेता वी डी सतीसन सहित अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। आरिफ खान ने लिखा का महाराष्ट्र, झारखंड और नागालैंड के पूर्व राज्यपाल के शंकरनारायणन के दुखद निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। उनका निधन केरल और राष्ट्र के लिए एक क्षति है।
केरल के मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि के शंकरनारायणन ने नफरत या किसी अन्य सांप्रदायिक विचारों की संगत के बिना सार्वजनिक मुद्दों को संबोधित करते हुए धर्मनिरपेक्षता सहित नेहरूवादी दृष्टिकोण को बरकरार रखा। उन्होंने लंबे समय तक यूडीएफ संयोजक का पद संभाला और हमेशा लोगों के सामने आने वाले मुद्दों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखा।