PUBG गेम की लत में नाबालिग ने कर दी मां की हत्या, दो दिनों त... - CG Sandesh

PUBG गेम की लत में नाबालिग ने कर दी मां की हत्या, दो दिनों तक शव रखकर छिड़कता रहा रूम फ्रेशनर, ऐसे हुआ खुलासा

उत्तरप्रदेश। लखनऊ में पबजी गेम की लत ने एक नाबालिग बेटे को उसी की सगी मां का हत्यारा बना दिया। बेटे ने मां की गोली मारकर हत्या कर दी औऱ फिर मां की लाश को दो दिन औऱ तीन रात तक घर में छिपा कर उसी के साथ रहा। जब लाश की बदबू फैली तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मामले का खुलासा हुया है।

मूलरुप से वाराणसी के रहने वाले नवीन सिंह सेना में सुबेदार मेजर (जेसीओ) के पद पर तैनात है। वर्तमान में उनकी तैनाती पश्चिम बंगाल के आसनसोल में हैं। उनका परिवार लखनऊ के पीजीआई के पंचमखेड़ा स्थित जमुनापुरम कालोनी में रहता है। नवीन के परिवार में पत्नी साधना सिंह, 16 साल का बेटा और 9 साल की बेटी है। तीनों पीजीआई में मकान में रहते हैं। शनिवार रात को साधना दोनों बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। रात करीब 3 बजे बेटे ने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से उसके सिर में गोली मार दी। जिससे साधना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटी बहन को धमकी देकर दूसरे कमरे में लेकर गया। जहां पर दोनों सो गये। सुबह उठने केबाद बहन को दोबारा धमकी दी। कहा कि पुलिस या किसी को बताया तो उसे भी जान से मार देगा।

पुलिस के मुताबिक शनिवार रात को मां की हत्या करने के बाद आरोपी दो दिन व तीन रात तक घर में बहन के साथ रहा। इस दौरान वह बार-बार उस कमरे में जाता था। जहां पर मां का शव पड़ा था। उस कमरे में रुम फ्रेशनर मारकर बदबू को भगाने की कोशिश करता। मंगलवार रात करीब 9 बजे बदबू तेज हुई तो उसे डर लगने लगा। उसने आसनसोल में तैनात पिता को कॉल कर सूचना दी कि मां को किसी ने मार दिया। हम दोनों को कमरे में बंद कर दिया था। किसी तरह बाहर निकले है। इस पर पिता नवीन सिंह ने पड़ोसी दिनेश तिवारी को कॉल कर घर पर वारदात होने की जानकारी दी। दिनेश जब नवीन के घर पर पहुंचे तो वहां दोनों बच्चे बरामदे में थे। उन्होंने पूछताछ की तो बताया कि किसी ने मां को मार दिया है। जब दिनेश कमरे में गये तो वहां बदबू से खड़ा नहीं हो सके। इस पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों को बाहर ले गई। वहीं कमरे को सील कर दिया। शव की पड़ताल शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पिस्तौल को फोरेंसिक यूनिट को सुपुर्द कर दिया। फोरेंसिक यूनिट ने मौके से कई साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने नवीन के नाबालिग बेटे से पूछताछ की। वहीं बेटी से महिला पुलिसकर्मियों ने पूछताछ किया। इस दौरान पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। नाबालिग बेटे ने पुलिस के सामने कुबूल किया कि वह पबजी गेम खेलता था। जिसके लिए उसकी पिटाई भी होती थी। शनिवार को घर में 10 हजार रुपये गायब हो गये थे। जिस पर मां ने रुपये के चोरी करने का आरोप लगाते हुए पिटाई थी। नाबालिग बेटे ने पुलिस को बताया कि घर में कोई भी गलत काम होता था तो उस का सारा आरोप उसी पर लगता था। फिर पिटाई होती थी। इसी नाराजगी में उसने मां की हत्या कर दी है। पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में नाबालिग बेटे से पूछताछ कर रही है। वहीं पिता के आने का इंतजार किया जा रहा है।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें