T20 World Cup : मैच नहीं हुआ तो जानिए क्या रहेगा ऑप्शन? फाइनल मुकाबले में बारिश डाल सकती है खलल
नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में खेला जाएगा, ये मैच रविवार यानी 13 नवंबर को खेला जाना है. हालाँकि इस मैच पर बारिश का संकट मंडराने लगा है. ऐसे में क्रिकेटप्रेमियों को निराशा हाथ लग सकती है. ऑस्ट्रेलियाई वेदर फोरकास्ट डिपार्टमेंट के मुताबिक मेलबर्न में रविवार को 100% और रिजर्व डे सोमवार को 95% बारिश की आशंका है। हवा की रफ्तार भी 35 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा हो सकती है।
बारिश की वजह ‘ला नीना’
टी-20 वर्ल्ड कप में ज्यादा बारिश की वजह है ‘ला नीना’। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया में ज्यादा बारिश होने की वजह मौसम विज्ञान ब्यूरो ने ‘ला नीना’ को बताया है। इसकी वजह से ही यहां इस साल औसत से ज्यादा बारिश की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग का मानना है कि प्रशांत महासागर के बीच में भूमध्यरेखीय क्षेत्र के आसपास समुद्र की सतह पर तापमान में कमी होने की वजह से ऐसा हो रहा है। इस साल मौसम चक्र में होने वाले बदलाव का असर यहां दिखने लगा है।
पाकिस्तान ने बुधवार को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था। गुरुवार को दूसरे सेमी में इंग्लैंड ने भारत को करारी शिकस्त दी थी। बहरहाल, अगर बारिश का अनुमान दोनों दिन सही साबित हुआ तो फाइनल रद्द किया जा सकता है। इस हालत में दोनों टीमों को ट्रॉफी शेयर करनी होगी। दूसरे शब्दों में कहें तो पाकिस्तान और इंग्लैंड जॉइंट विनर घोषित किए जाएंगे।