होम, ऑटो सहित सभी लोन हुए महंगे, अब चुकाने पड़ेंगे इतने रुपए
नई दिल्ली : देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। SBI ने अपने लोन की ब्याज दरें बढ़ा दी है। रिजर्व बैंक के रेपो रेट बढ़ाए जाने के बाद से ही यह तय हो गया था कि अब सभी बैंकों का कर्ज महंगा हो जाएगा। इससे पहले भी निजी और सरकारी क्षेत्र के कई बैंक अपनी ब्याज दरें बढ़ा चुके हैं। अब SBI ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (MCLR) में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
ब्याज दरों में 25 आधार अंक की हुई बढ़ोतरी
SBI की वेबसाइट के मुताबिक, सभी टेन्योर वाले लोन की ब्याज दरों में 25 आधार अंक की बढ़ोतरी हुई है। अब बैंक की एक साल की MCLR बढ़कर 8.30 फीसदी पहुंच चुकी है। बैंक अपने होम, ऑटो सहित ज्यादातर लोन की ब्याज दरें इसी MCLR के आधार पर तय करता है। इससे पहले RBI ने रेपो रेट में 0.35 फीसदी की बढ़ोतरी कर प्रभावी रेपो रेट 6.25 फीसदी कर दिया था। RBI के इस फैसले के एक सप्ताह बाद ही SBI ने भी अपना कर्ज महंगा कर दिया है।