Women’s IPL: वायाकॉम-18 ने जीता महिला आईपीएल के मीडिया राइट्... - CG Sandesh

Women’s IPL: वायाकॉम-18 ने जीता महिला आईपीएल के मीडिया राइट्स, BCCI सचिव ने दी जानकारी

नई दिल्ली। रिलायंस की स्वामित्व वाली वायाकॉम-18 प्राइवेट लिमिटेड को महिला आईपीएल के प्रसारण का मीडिया राइट्स मिल गया है।। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने वायाकॉम-18 को महिला आईपीएल के मीडिया राइट्स जीतने के लिए बधाई भी दी।

जय शाह ने कहा “वायाकॉम-18 को बीसीसीआई और बीसीसीआई विमेन पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद। वायाकॉम ने 951 करोड़ रुपये का वादा किया है, जिसका मतलब है अगले पांच वर्षों (2023-27) के लिए प्रति मैच मूल्य 7.09 करोड़ रुपये। महिला क्रिकेट के नजरिये से यह बेहद शानदार है।“


जय शाह ने बताया कि महिला आईपीएल के मीडिया अधिकारों के लिए आज की बोली एक और ऐतिहासिक जनादेश है। यह भारत में महिला क्रिकेट के सशक्तिकरण के लिए एक बड़ा और निर्णायक कदम है, जो सभी उम्र की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। यह सचमुच एक नया सवेरा है।

25 जनवरी को हो सकता है टीमों का एलान

बीसीसीआई ने अब महिला आईपीएल की टीमों को चुनने की कवायद भी तेज कर दी है। 25 जनवरी को महिला आईपीएल की पांच टीमों की घोषणा होनी है। बोर्ड ने इसके लिए 10 शहरों को शॉर्टलिस्ट किया है। शॉर्ट लिस्ट हुए शहरों में दिल्ली (अरुण जेटली स्टेडियम), लखनऊ (अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम), कोलकाता (ईडन गार्डन स्टेडियम), बेंगलुरु (एम चिन्नास्वामी स्टेडियम), अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम), चेन्नई (एमए चिदंबरम स्टेडियम), धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम), गुवाहाटी (बारसपारा स्टेडियम), इंदौर (होलकर स्टेडियम), और मुंबई (वानखेड़े, ब्रेबोर्न, डीवाई पाटिल स्टेडियम) हैं।

वहीं, आईपीएल की 10 में से आठ फ्रेंचाइजी ने टीम खरीदने में रुचि दिखाई है। चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस सहित कई फ्रेंचाइजी बोली लगाने को तैयार हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के अलावा कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस ने महिला टीम खरीदने का मन बनाया है। वहीं, रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जाएंट्स ने इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा है। महिला आईपीएल के शुरुआती सीजन में पांच टीमें खेलेंगी। पहला सीजन मार्च में आयोजित होगा।



author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें