सुशांत सिंह राजपूत के जीवन पर ना बनाई जाए कोई फिल्‍म...एक्टर... - CG Sandesh

सुशांत सिंह राजपूत के जीवन पर ना बनाई जाए कोई फिल्‍म...एक्टर के पिता ने हाई कोर्ट से लगाई गुहार

नई दिल्ली। दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने अपने बेटे के जीवन पर आधारित एक फिल्म की ‘ऑनलाइन स्ट्रीमिंग’ पर रोक लगाने से इनकार करने संबंधी आदेश के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया।

न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा और न्यायमूर्ति धर्मेश शर्मा की पीठ ने एकल न्यायाधीश के फैसले के खिलाफ कृष्ण किशोर सिंह की अपील पर फिल्म निर्माताओं सहित कई लोगों को नोटिस जारी किया। एक्टर के पिता ने अपने दिवंगत बेटे के जीवन पर फिल्म बनाकर उन पर ‘अनुचित व्यावसायिक लाभ’ लेने का आरोप लगाया था।

 


सुशांत सिंह राजपूत की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘न्याय: द जस्टिस’ को ऑनलाइन रिलीज किए जाने का परिवार ने विरोध किया था, लेकिन पिछली बार कोर्ट ने इस पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। सुशांत सिंह राजपूत के पिता के वकील वरुण सिंह ने कोर्ट में दलील दी कि ये फिल्म एक्टर के व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन होने के अलावा परिवार के सदस्यों की गोपनीयता का भी उल्लंघन करती है, जिसकी अनुमति नहीं दी जा सकती। वहीं, फिल्म के निर्माताओं की तरफ से पेश वकील ने कहा कि किसी व्यक्ति की मौत के बाद निजता के अधिकार का दावा नहीं किया जा सकता है।

अदालत ने कहा कि मामला विचाराधीन है और सभी से अपील पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा। सुशांत के पिता ने अपील में कहा है कि कई लोग बिना इजाजत के सुशांत पर फिल्में, वेब-सीरीज और किताबें आदि लिख रहे हैं। सुशांत के परिवार का कहना है कि ये सब करना उनकी प्रतिष्ठा, गोपनीयता और अधिकारों के खिलाफ है।



author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें