खौफनाक : बंद ट्रंक में मिली तीन बहनों की लाश - CG Sandesh

खौफनाक : बंद ट्रंक में मिली तीन बहनों की लाश

पंजाब। जालंधर में एक पिता पर अपनी ही तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। तीनों की लाश पठानकोट हाईवे पर पड़ते एरिया कानपुर में सोमवार सुबह एक लोहे के ट्रंक में बंद मिली। तीनों बहनें बीते दिन से लापता थीं। तीनों के लापता होने की शिकायत भी मकान मालिक ने पुलिस में दर्ज करवाई थी।

पिता पर हत्या का आरोप

जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव कानपुर में रहते प्रवासी श्रमिक व उसकी पत्नी काम पर गए थे। पीछे उनकी तीन बच्चियां अमृता कुमारी (9), साक्षी (7), कंचन (4) घर पर अकेली थी। रात करीब 8 बजे बच्चियों के परिजन घर पहुंचे तो तीनों बच्चियां घर पर नहीं थी, इसके बाद परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की।

रात लगभग 11 बजे पुलिस को सूचना दी गई। जिस घर से बच्चियां गायब थी, सुबह लोगों ने उसी के बाहर एक ट्रंक पड़ा देखा। लोगों ने जब ट्रंक खोल कर देखा तो उसमें तीनों बच्चियों की लाशें पड़ी हुई थीं। मोहल्ले वालों ने आरोप लगाया कि बच्चियों का पिता नशे का आदी है। शराब के नशे में चूर रहता है और उसी ने यह हत्याएं की हैं। बच्चियों की उम्र 4 से 9 साल के बीच है। पुलिस ने बच्चियों के पिता को हिरासत में ले लिया है।

मामला हत्या का नहीं लग रहा- पुलिस

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला नहीं लग रहा। 6.30 बजे पुलिस ने घर में पहुंच कर जांच शुरू की, बच्चियों के शवों पर कोई घाव नहीं था। प्रारंभिक जांच में संभावना है कि बच्चियां घर में अकेली थी और खेलते हुए ट्रंक में जा बैठी। संभव है कि ट्रंक का ढक्कन बंद हो गया और बच्चियों से नहीं खुला। बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम में मौत के कारण स्पष्ट हो जाएंगे।



author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें