news-details

बिलासपुर में गरजे राहुल गांधी : ये चुनाव लोकतंत्र, संविधान और गरीबों के अधिकार को बचाने का, मीडिया पर भी साधा निशाना

बिलासपुर। तीसरे चरण के मतदान के पहले राष्ट्रीय नेताओं का प्रदेश में चुनाव प्रचार जोरों पर है। इस कड़ी में आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिलासपुर में आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण को बचाने का चुनाव है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार पब्लिक सेक्टर यूनिट को प्राइवेट बना रही है। पब्लिक सेक्टर में दलित, आदिवासी, पिछड़ों को जगह नहीं मिलती। इनकी विचारधारा गांधी, नेहरू, आंबेडकर की नहीं है, इनकी विचारधारा उद्योगपति जैसे लोगों को जल, जंगल, जमीन देने की है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है। बीजेपी, आरएसएस के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। कांग्रेस संविधान को बचाने का काम कर रही है। आपका हक संविधान से निकला. आपका जल, जंगल, जमीन जीने का तरीका सब गायब हो जाएंगे। भाजपा कह रही है कि रिजर्वेशन खत्म कर देगी।

लोकतंत्र बचाने का यह चुनाव

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, भाजपा का आक्रमण प्रायवेट सेक्टर, संविधान, गरीबी पर है। लेकिन ये चुनाव लोकतंत्र को बचाने, संविधान और गरीबों के अधिकार को बचाने का हो गया है। हम सब मिलकर संविधान की किताब की रक्षा करने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी हो या दुनियाभर की कोई ताकत इसे खत्म नहीं कर सकती है। उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा कितने लोगो को बेरोजगार बनायेंगी, कितने लोगो का अधिकार खत्म करेगी, दलित और पिछड़ों का अधिकार खत्म करेगी। ये सिर्फ 22 लोगो को लाभ पहुंचाने के लिए है।


अडानी और आदिवासी बराबर जीएसटी भरते हैं

उन्होने कहा कि, जब एक गरीब परिवार का आदिवासी युवक शर्ट खरीदता है तो उसका जीएसटी युवक भरता है और उतना ही अडानी भी जीएसटी जमा करता है। जितना धन भाजपा और मोदी सरकार ने अडानी को दिया है। हम उतनी ही राशि गरीबों को देने जा रहे हैं। भाजपा और केंद्र सरकार अडानी को करोड़पति बना रही है और हम करोड़ों को लखपति बनाने जा रहे है। पुरुष 8 घण्टे काम करते हैं लेकिन महिलाएं बाहर फिर घर मे मिलाकर 16 घण्टे काम करती हैं। देश के गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी। इस लिस्ट में शामिल महिला के बैंक अकाउंट में साल के 1 लाख रु दिया जाएगा।

मीडिया पर साधा निशाना

अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि आप पता लगा लें कि मीडिया के मालिकों और बड़े-बड़े एंकरों में कितने आदिवासी, दलित और पिछड़े हैं। वहां एक भी इस वर्ग का नहीं है। इसी वजह से आपके मुद्दें टीवी पर नहीं आते। किसी अरबपति के बेटे-बेटी की शादी होती है तो 24 घंटे उसे दिखाया जाता है लेकिन महंगाई, भागीदारी और आरक्षण पर कोई एंकर सवाल नहीं पूछता है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के साथ बड़े उद्योगपतियों अडानी और अंबानी भी निशाना साधा।

एक करोड़ युवाओं को देंगे नौकरी

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, मोदी जी ने युवाओं को बहुत परेशान किया है। देश में 45 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। पेपर लीक होता है, अप्रेंटिसशिप नहीं मिलती, युवाओं को हम अप्रेंटिसशिप देने जा रहे है। यानी आपकी पहली नौकरी पक्की करोड़ों युवाओं को 1 साल नौकरी मिलेगी और साल में 1 लाख रु मिलेंगे। जितना पैसा मोदी जी ने अडानी को पैसा दिया, उतना हम आपको देने जा रहे हैं।

देवेंद्र यादव को वोट देने की अपील की

उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस सरकार आएगी तो किसानों का कर्जा माफ होगा और किसानों को एमएसपी दी जाएगी। इसके लिए कानून बनाया जाएगा  और मजदूरों को 400 रु मनरेगा दिया जाएगा। बीजेपी का मेनिफेस्टो देखो, कोविड आता है तो मोदी कहते हैं ताली बजाओ और थाली बजाओ। मोबाइल की लाइट जलाओ। राहुल गांधी ने आगे कहा कि, आप देवेंद्र यादव को लोकसभा में पहुंचाओ ये आपके हक के लिए लड़ेगा। ये चुनाव लोकतंत्र संविधान और रिजर्वेशन को बचाने का है। ये जो 50 प्रतिशत का केप लगा रखा है, उसे हम हटा देंगे।






अन्य सम्बंधित खबरें