CG : पति ने की पत्नी के प्रेमी की हत्या, शव के किए कई टुकड़े... - CG Sandesh

CG : पति ने की पत्नी के प्रेमी की हत्या, शव के किए कई टुकड़े, आपत्तिजनक हालत में देखा था

कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। सोढ़ा गांव के नाले के पास एक बोरी में युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक की बेरहमी से हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए शव के कई टुकड़े कर बोरी में भरकर नाले के किनारे फेंक दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सोढ़ा गांव के ग्रामीणों ने नाले के पास तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब संदिग्ध बोरी की जांच की तो उसके अंदर एक युवक का शव कई टुकड़ों में मिला। पुलिस ने शव की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में की। बताया गया कि 28 मई को परिजनों ने पोड़ी चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच के दौरान पता चला कि मृतक का गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध था। इसी बीच महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे नाराज पति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कोमल वर्मा की हत्या की साजिश रची और उसे मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके कई टुकड़े किए और उन्हें बोरी में भरकर सोढ़ा गांव के नाले के पास फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रामस्नेही और उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा पोड़ी चौकी पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी घटना कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पांडातराई थाना और पोड़ी चौकी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें