खैरागढ़: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के बीच 48 एकड़ भूमि पर ... - CG Sandesh

खैरागढ़: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के बीच 48 एकड़ भूमि पर अवैध पेड़ कटाई का आरोप

खैरागढ़ : एक ओर सरकार और प्रशासन “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं, वहीं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम देवरी में बड़े पैमाने पर पेड़ कटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 48 एकड़ भूमि पर लगे हजारों पेड़ों को बिना अनुमति काटा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार दुर्ग जिले के पाटन निवासी रूपेश चंद्राकर ने ग्राम देवरी में लगभग 48 एकड़ जमीन खरीदी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन पर मौजूद घने और बेशकीमती पेड़ों की कटाई वन एवं राजस्व विभाग की अनुमति के बिना कराई जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक सुबह 5 बजे से 9 बजे के बीच पेड़ों की कटाई की जाती है ताकि गतिविधियां लोगों की नजरों से बची रहें। आरोप है कि अब तक करीब दो एकड़ क्षेत्र में सैकड़ों पेड़ काटे जा चुके हैं और लकड़ियों की बिक्री भी की जा रही है।

मामले को लेकर वन और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इधर, एसडीएम टंकेश्वर साहू ने कहा है कि मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



अन्य सम्बंधित खबरें