सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर ठगी मामले में तीन आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
अंबिकापुर : सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना गांधीनगर क्षेत्र का है, जहां एक महिला से डर और धमकी देकर करीब 4.5 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिला को फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और गूगल पर अश्लील वीडियो देखने के नाम पर कार्रवाई तथा गिरफ्तारी की धमकी दी। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचाने के बदले पैसे की मांग की। डर के कारण महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और उनके द्वारा बताए गए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी।
बाद में खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर महिला ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और साइबर ट्रेल के आधार पर मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीराम अहिरवार, पन्नालाल यादव और अभिलाष अहिरवार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के अन्य साइबर अपराधों में शामिल होने की भी पड़ताल की जा रही है।