एक से प्रेम संबंध, दूसरी से विवाह का आरोप, युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
रायगढ़ : रायगढ़ जिले में एक युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने गाजियाबाद निवासी सलीम खान को हिरासत में लिया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने तथा बाद में दूसरी महिला से विवाह करने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर बजरंग दल ने भी पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, 5 जून को खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। महिला ने अपने आवेदन में बताया कि उसने हाल ही में सलीम खान से जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में विवाह किया है। महिला का आरोप है कि इस विवाह के कारण उसके बेटे नाराज हैं और उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। इस आवेदन की जांच चल ही रही थी कि शनिवार को खरसिया क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती भी एसपी कार्यालय पहुंची और सलीम खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
युवती ने आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान उसकी मुलाकात सलीम खान से हुई थी। आरोपी ने उससे विवाह का वादा किया और इसी भरोसे पर उसके साथ संबंध बनाए। युवती का कहना है कि आरोपी उसे दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी ले गया था तथा लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। बाद में उसे पता चला कि सलीम किसी अन्य महिला के संपर्क में है और उससे भी विवाह की बात कर रहा है।
युवती के अनुसार, दूसरी महिला से मंदिर में विवाह की जानकारी मिलने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी कई अन्य महिलाओं और युवतियों से भी मोबाइल पर बातचीत और चैटिंग करता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और खरसिया पुलिस को सौंप दिया। पुलिस द्वारा दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।