बरसात से पहले सफाई व्यवस्था मजबूत, निगम ने 48 वार्डों में बांटी हाथ कचरा गाड़ियां
रायगढ़ : बरसात के मौसम से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए रायगढ़ नगर निगम ने सभी 48 वार्डों में सफाई कर्मचारियों को हाथ कचरा गाड़ियां उपलब्ध कराई हैं। शनिवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने सफाई कर्मचारियों को गाड़ियों का वितरण किया।
नगर निगम द्वारा कुल 50 नई हाथ कचरा गाड़ियां खरीदी गई हैं, जिनमें से 48 गाड़ियों का वितरण विभिन्न वार्डों के लिए किया गया। निगम का उद्देश्य बारिश के दौरान नालियों और सड़कों पर गंदगी की समस्या को कम करना तथा शहर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से घरों का कचरा स्वच्छता गाड़ी संचालित करने वाली दीदियों को ही देने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने की अपील की।
महापौर ने कहा कि निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की आदत विकसित करनी होगी। जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
नगर निगम के अनुसार, हाथ कचरा गाड़ियों के वितरण से सफाई कर्मचारियों को कचरा संग्रहण में सुविधा होगी और वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था को और गति मिलेगी। इससे बरसात के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।