रेलवे टू-वे अंडर ब्रिज के लिए संयुक्त निरीक्षण, जल्द शुरू हो... - CG Sandesh

रेलवे टू-वे अंडर ब्रिज के लिए संयुक्त निरीक्षण, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

रायगढ़ : शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर निगम और रेलवे विभाग के अधिकारियों ने मालधक्का पुलिया क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। प्रस्तावित टू-वे रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण को लेकर स्थल चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

यह परियोजना प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है, जिसके लिए बजट की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य, नगर निगम और रेलवे विभाग के इंजीनियरों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण स्थल की तकनीकी आवश्यकताओं और यातायात व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।

प्रस्तावित अंडर ब्रिज के निर्माण से दोनों ओर से चारपहिया वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी। वर्तमान में ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों को शहीद चौक से लंबा चक्कर लगाकर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड तक पहुंचना पड़ता है। अंडर ब्रिज बनने के बाद यात्रा का समय और दूरी दोनों कम होंगे, जिससे लोगों को सुविधा मिलने के साथ-साथ ईंधन की भी बचत होगी।

इस परियोजना का लाभ मालधक्का, जूटमिल क्षेत्र और आसपास के हजारों रहवासियों को मिलेगा। लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था की मांग की जा रही थी। अब स्थल चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और शहर को एक महत्वपूर्ण यातायात सुविधा प्राप्त होगी।



अन्य सम्बंधित खबरें