ड्राइवरों के हक की लड़ाई को मिला नया नेतृत्व, जिला ड्राइवर य... - CG Sandesh

ड्राइवरों के हक की लड़ाई को मिला नया नेतृत्व, जिला ड्राइवर यूनियन का हुआ गठन

खैरागढ़ : जिले के ड्राइवरों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के उद्देश्य से खैरागढ़ में जिला ड्राइवर यूनियन संघ का गठन किया गया। आयोजित बैठक में ड्राइवर साथियों की सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया, जिसमें सुमित टांडिया को अध्यक्ष चुना गया।

नई कार्यकारिणी में दीपक यादव को उपाध्यक्ष, गोलू मेश्राम को सचिव, जुनैद खान को कोषाध्यक्ष तथा रामकुमार निषाद को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और ड्राइवर समुदाय की विभिन्न समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन के समक्ष रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमित टांडिया ने कहा कि यूनियन ड्राइवरों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि खैरागढ़ में टैक्सी स्टैंड की मांग लंबे समय से की जा रही है और इस संबंध में जल्द ही प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि ड्राइवर दिनभर कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी आमदनी और भत्ते पर्याप्त नहीं हैं। यूनियन इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए भत्ता बढ़ाने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करेगी।

बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और ड्राइवर हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



अन्य सम्बंधित खबरें