गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, रजा यूनिटी फाउंडेशन... - CG Sandesh

गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग, रजा यूनिटी फाउंडेशन ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर में रजा यूनिटी फाउंडेशन के मुस्लिम सदस्यों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति और छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सरगुजा कलेक्टर के माध्यम से भेजा गया।

ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाए, ताकि देशभर में गौवंश के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिल सके। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि देश के करोड़ों लोग गाय को माता का दर्जा देते हैं और इसके दूध का सेवन करते हैं, इसलिए इसके संरक्षण के लिए विशेष कदम उठाए जाने चाहिए।

संगठन ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि बड़ी संख्या में गायें सड़कों पर आवारा पशुओं की तरह घूमती नजर आती हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में गौवंशों की सुरक्षा और उचित देखभाल के लिए प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।

रजा यूनिटी फाउंडेशन ने गौवंशों के वध और अवैध परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए पर्याप्त संख्या में गौशालाओं के निर्माण की आवश्यकता भी जताई है। संगठन का कहना है कि गौवंश आस्था से जुड़ा विषय है और उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के सदस्य मौजूद रहे और अपनी मांगों पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।



अन्य सम्बंधित खबरें