आर्थिक वृद्धि को गति देने पर पीएम मोदी की सलाहकार परिषद के स... - CG Sandesh

आर्थिक वृद्धि को गति देने पर पीएम मोदी की सलाहकार परिषद के साथ चर्चा, वैश्विक चुनौतियों पर भी मंथन

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को प्रधानमंत्री-आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के सदस्यों के साथ बैठक कर देश की आर्थिक वृद्धि, सुधारों और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत की विकास दर को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सुझावों और उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान जीवनयापन और व्यापार को अधिक सुगम बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर भी चर्चा हुई। परिषद के सदस्यों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का भारत और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का आकलन भी प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।

बैठक के बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परिषद के सदस्यों के साथ भारत के आर्थिक परिवर्तन और दीर्घकालिक विकास प्राथमिकताओं से जुड़े व्यापक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि सदस्यों ने सुधारों की गति को और तेज करने तथा कारोबार और जीवनयापन को आसान बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।

प्रधानमंत्री-आर्थिक सलाहकार परिषद एक स्वतंत्र निकाय है, जो भारत सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री को आर्थिक एवं संबंधित विषयों पर सलाह देता है। बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्रा और शक्तिकांत दास भी मौजूद रहे।

वर्तमान में परिषद के अध्यक्ष एस. महेंद्र देव हैं। परिषद में संजय कुमार मिश्रा, संजीव सान्याल और शमिका रवि पूर्णकालिक सदस्य के रूप में कार्यरत हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें