मौसम विभाग का अलर्ट: तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में कल मूसला... - CG Sandesh

मौसम विभाग का अलर्ट: तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में कल मूसलाधार बारिश के आसार

नई दिल्ली : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में रविवार को मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों, आंतरिक कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में अगले दो दिनों तक तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में रविवार को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वहीं दूसरी ओर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अपनी रफ्तार बनाए रखते हुए महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है। मानसून की इस प्रगति से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित राज्यों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें