बिजली विभाग पर अवैध वसूली के आरोप, मीटर काटने की कार्रवाई को... - CG Sandesh

बिजली विभाग पर अवैध वसूली के आरोप, मीटर काटने की कार्रवाई को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी

जांजगीर-चांपा : जिले में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मीटर काटने और बकाया बिल वसूली के नाम पर कथित अवैध वसूली के आरोप सामने आने के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि विभागीय नियमों का हवाला देकर कार्रवाई की धमकी दी जाती है और फिर उसे रोकने के बदले पैसों की मांग की जाती है।

ताजा मामला शिवरीनारायण क्षेत्र का बताया जा रहा है। उपभोक्ता भरत लाल कश्यप ने आरोप लगाया है कि उसके दिवंगत पिता के नाम पर वर्षों पुराने बिजली बकाया को लेकर शिवरीनारायण फीडर के एक लाइनमैन द्वारा उससे ‘सेटिंग’ के नाम पर राशि मांगी गई। उपभोक्ता का दावा है कि उसने मांग के अनुसार कुछ राशि भी दी, लेकिन इसके बावजूद उसके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

भरत लाल कश्यप के अनुसार, उसके पिता के नाम पर करीब 15 वर्ष पुराना बिजली बिल बकाया था, जिसके चलते लगभग 14 वर्ष पहले विभाग द्वारा पुराना मीटर जब्त कर लिया गया था। बाद में उसने अपनी पत्नी राधिका कश्यप के नाम पर नया कनेक्शन लेकर नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान किया। इसके बावजूद पुराने बकाया के नाम पर दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।

घटना से परेशान उपभोक्ता ने बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी उपभोक्ता पर बकाया राशि है तो विभाग को नियमानुसार नोटिस जारी कर कार्रवाई करनी चाहिए। उनका आरोप है कि कुछ मामलों में नियमों की आड़ में अवैध वसूली का खेल चल रहा है।

हालांकि इन आरोपों को लेकर बिजली विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि विभाग का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

अब सवाल यह है कि विभाग इन शिकायतों की जांच कर संबंधित आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल प्रभावित उपभोक्ता और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें