दुर्ग में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जागरूकता शिविर आयोजित, ... - CG Sandesh

दुर्ग में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जागरूकता शिविर आयोजित, हितग्राहियों को दी गई ऋण और साइबर सुरक्षा की जानकारी

दुर्ग : नगर निगम दुर्ग परिसर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महापौर अलका बाघमार और निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने हितग्राहियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए इसका अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। योजना के माध्यम से आसान ऋण सुविधा उपलब्ध होने से स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है और लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

वहीं निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि ऋण सुविधा के साथ-साथ हितग्राहियों को डिजिटल भुगतान और साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते उपयोग को देखते हुए साइबर ठगी से बचाव की जानकारी होना बेहद जरूरी है।

आयुक्त ने बताया कि जिला सहकारी बैंक और संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के बारे में जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन और पासवर्ड जैसी गोपनीय सूचनाएं किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। शिविर में बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लिया और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, डिजिटल भुगतान तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।



अन्य सम्बंधित खबरें