दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्टरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हिरासत में 11 लोग
दुर्ग जिले में अवैध गुटखा निर्माण के खिलाफ पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुथरेल स्थित दो गोदामों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गुटखा बनाने की तीन मशीनें और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों गोदामों में वाशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में जर्दायुक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान एक गोदाम से दो मशीनें और दूसरे गोदाम से एक मशीन बरामद की गई। मामले में 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां ‘सितार’ नाम से गुटखा तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जाता था। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री और अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं।
कार्रवाई के बाद दोनों गोदामों को सील कर दिया गया है। जब्त सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और खाद्य विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में ऐसे अवैध कारोबारों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।