खाद की कमी और समर्थन मूल्य बढ़ोतरी के लाभ की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
रायपुर : खाद की कमी, खाद की कथित कालाबाजारी और समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी का लाभ किसानों को देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश किसान संघ के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने ‘दाम सत्याग्रह’ करते हुए रैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश किसान संघ के संयोजक सुदेश टीकम ने कहा कि प्रदेश की कई सहकारी समितियों में खाद की कमी बनी हुई है, वहीं कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार द्वारा यूरिया में 20 प्रतिशत और डीएपी खाद में 40 प्रतिशत कटौती की नीति को तत्काल वापस लिया जाए तथा किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए।
किसानों ने समर्थन मूल्य बढ़ोतरी का लाभ दिए जाने की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा इस वर्ष समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है, इसलिए प्रदेश में धान खरीदी 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किए जाने की घोषणा की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। किसान संघ ने ज्ञापन के माध्यम से वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य वृद्धि के 117 रुपये प्रति क्विंटल और वर्ष 2025-26 में 186 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी का बकाया लाभ किसानों को देने की मांग भी रखी।
इसके अलावा किसानों ने कांग्रेस शासनकाल की राजीव गांधी किसान न्याय योजना की लंबित एक किस्त की राशि जारी करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की है। प्रदेश किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।