असम-मेघालय में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी
नई दिल्ली : मौसम विभाग ने असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि असम और मेघालय के अलावा बिहार, केरल, माहे, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भी तेज बारिश की आशंका है। लगातार सक्रिय हो रहे मानसून के चलते कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ाते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़त दर्ज की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून के और क्षेत्रों में विस्तार की संभावना है।
विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, कोंकण और गोवा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं अगले दो दिनों के दौरान अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा राजस्थान, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में आंधी चलने की आशंका व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।