महिलाएं हर क्षेत्र में निभा रहीं अहम भूमिका, नारी शक्ति राष्... - CG Sandesh

महिलाएं हर क्षेत्र में निभा रहीं अहम भूमिका, नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री Narendra Modi ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और योगदान की सराहना करते हुए कहा है कि वित्तीय समावेशन, उद्यमिता, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास, खेल, विज्ञान और सुशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए अवसरों के द्वार खोल रही है और देश के विकास की दिशा को नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सफलता भारत के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की नई तस्वीर पेश कर रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने महिला नेतृत्व आधारित विकास को प्राथमिकता दी है, जिसके सकारात्मक परिणाम विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार स्वयं सहायता समूहों को लगातार प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान कर रही है, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां सम्मान, अवसर और सशक्तिकरण के सिद्धांतों पर आधारित हैं, जिससे महिलाओं को अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में अधिक प्रभावी योगदान देने का अवसर मिला है।

प्रधानमंत्री ने विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय महिलाओं की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की नारी शक्ति लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक साझा करते हुए कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की माताएं, बहनें और बेटियां अपनी प्रतिभा, परिश्रम और कौशल के बल पर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ा रही हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें