कोरबा में घर में घुसा 11 फीट लंबा किंग कोबरा, वन विभाग ने कि... - CG Sandesh

कोरबा में घर में घुसा 11 फीट लंबा किंग कोबरा, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

कोरबा वनमंडल के पसरखेत रेंज अंतर्गत ग्राम छुईढोड़ा में एक 11 फीट लंबे विशालकाय किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया गया। घर के भीतर दुर्लभ और विषैले सर्प के घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग और वन्यजीव रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सर्प को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पांडे, मुख्य वन संरक्षक बिलासपुर मनोज पांडे और कोरबा वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश तथा उप वनमंडलाधिकारी दक्षिण के मार्गदर्शन में यह रेस्क्यू अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी और सिद्धांत जैन ने किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़कर उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद पंचनामा तैयार कर उसे उसके प्राकृतिक आवास वाले सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने बताया कि अब ग्रामीणों में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। पहले जहां लोग सांपों को मार देते थे, वहीं अब उन्हें बचाने में सहयोग कर रहे हैं। यह विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।

वन विभाग ने अपील की है कि किसी भी वन्यजीव या सर्प के दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

विशेषज्ञों के अनुसार, किंग कोबरा जंगलों की जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी मौजूदगी स्वस्थ जंगल और समृद्ध वन्यजीव तंत्र का संकेत मानी जाती है। किंग कोबरा भारत का सबसे लंबा विषैला सर्प है और इसे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 के तहत सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है।

कोरबा वनमंडल में वन्यजीव संरक्षण के लिए लगातार कैमरा ट्रैप निगरानी और एंटी-स्नेयर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा और जैव विविधता संरक्षण को मजबूती मिल रही है।



अन्य सम्बंधित खबरें