हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, वर्षों पुराना... - CG Sandesh

हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाया गया

भिलाई नगर निगम ने अयप्पा नगर स्थित आनंद विहार और उल्लास नगर की आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित भूमि पर वर्षों से हुए अवैध कब्जे को हटाते हुए बड़ी कार्रवाई की। हाईकोर्ट के निर्देश पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मदरसा, बाउंड्री वॉल सहित अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया।

करीब सवा एकड़ जमीन पर पिछले 12 वर्षों से अवैध कब्जा था। इस भूमि पर मदरसा समेत अन्य निर्माण किए गए थे, जबकि एक निजी स्कूल द्वारा भी बाउंड्री वॉल बनाई गई थी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम ने जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सुनियोजित अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।

नगर निगम आयुक्त राजीव पांडे ने बताया कि वर्ष 2014 से इस भूमि को खाली कराने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन अतिक्रमण के कारण यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण नहीं हो पा रहा था। अब भूमि खाली होने के बाद जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

संवेदनशील मानी जा रही इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ और करीब तीन घंटे में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कर ली गई।



अन्य सम्बंधित खबरें