राशन दुकान संचालक की मनमानी से वार्डवासी नाराज, संचालन बदलने... - CG Sandesh

राशन दुकान संचालक की मनमानी से वार्डवासी नाराज, संचालन बदलने की मांग को लेकर कलेक्टर से की शिकायत

खैरागढ़ : नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 और 17 दाऊचौरा के रहवासियों ने राशन दुकान के संचालन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनय देवांगन के नेतृत्व में पहुंचे नागरिकों ने वर्तमान संचालक श्रद्धा साईं महिला उत्थान समिति से राशन दुकान का संचालन वापस लेकर किसी अन्य समूह को सौंपने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ महीनों से राशन दुकान का संचालन दाऊचौरा के बजाय संचालक के निजी निवास से किया जा रहा है, जो वार्ड से करीब एक किलोमीटर दूर है। इससे हितग्राहियों को राशन लेने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि दुकान अक्सर निर्धारित समय पर नहीं खुलती, शक्कर निर्धारित 17 रुपये प्रति किलो के बजाय 20 रुपये प्रति किलो की दर से बेची जा रही है और नाप-तौल में भी गड़बड़ी की जा रही है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि मई और जून माह की शक्कर अब तक वितरित नहीं की गई है। साथ ही शिकायत करने पर संचालक द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक को जांच के निर्देश दिए हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने मामले की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



अन्य सम्बंधित खबरें