खैरागढ़ : यूरिया-डीएपी की कमी से किसानों का फूटा गुस्सा, पैलीमेटा में चक्काजाम; विधायक यशोदा वर्मा भी धरने में शामिल
खैरागढ़ : खरीफ सीजन की शुरुआत के बीच यूरिया और डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश गुरुवार को ग्राम पैलीमेटा में खुलकर सामने आया। खाद की अनुपलब्धता से परेशान किसानों ने जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य और जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का कहना है कि बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है।
आंदोलन को समर्थन देने खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी मौके पर पहुंचीं और किसानों के साथ धरने में शामिल हुईं। विधायक ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि अन्नदाता को खाद और बीज जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भटकना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की। वहीं, जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा ने कहा कि किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।