बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डीजल चोरी करने वाले 11 आरोपी ग... - CG Sandesh

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डीजल चोरी करने वाले 11 आरोपी गिरफ्तार; दो स्कॉर्पियो समेत भारी मात्रा में सामान जब्त

बालोद पुलिस ने जिले में डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले में डीजल चोरी के मामलों में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद दो दिनों के भीतर नौ अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो स्कॉर्पियो वाहन, 40 से अधिक गैलन और एक छोटा डीजल टैंकर (ब्राउजर) जब्त किया गया है। इनका इस्तेमाल डीजल चोरी कर उसकी तस्करी और बिक्री के लिए किया जाता था।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी छत्तीसगढ़ और सात आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बालोद जिले सहित आसपास के अन्य जिलों में सड़कों किनारे खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी करता था। चोरी किए गए डीजल को ब्राउजर में भरकर ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था।

बालोद थाना क्षेत्र में लगातार डीजल चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई शुरू की। रणनीति के तहत निगरानी बढ़ाई गई और आखिरकार पुलिस को गिरोह के 11 सदस्यों को पकड़ने में सफलता मिली है।

पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह कितने समय से सक्रिय था तथा किन-किन क्षेत्रों में डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।



अन्य सम्बंधित खबरें