पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़ी कथित फोटोशॉप चैट वायरल करने के आरोप में सागर साहू समेत दो युवक गिरफ्तार
भिलाई : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़ी कथित फोटोशॉप चैट सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सागर साहू समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए कथित रूप से भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों इंस्टाग्राम पर पूर्व मुख्यमंत्री से जुड़ी एक कथित फोटोशॉप चैट साझा की गई थी, जिस पर भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुरानी भिलाई थाने का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
कार्रवाई में देरी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता थाने परिसर में धरने पर भी बैठ गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के बाद पुलिस ने सागर साहू समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कथित सामग्री किस प्रकार तैयार की गई और उसे किन-किन माध्यमों से प्रसारित किया गया।