प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स पहुंचे, 50वें स्वतंत्रता दिवस समार... - CG Sandesh

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स पहुंचे, 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे पर शनिवार को राजधानी विक्टोरिया पहुंच गए। हवाई अड्डे पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग ले रहा है।

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी का स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार और करीबी मित्र है। उन्होंने दोनों देशों के बीच दशकों पुराने संबंधों और सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने विक्टोरिया स्थित बोटैनिकल गार्डन्स का भ्रमण किया और राष्ट्रपति हर्मिनी की मौजूदगी में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत दुर्लभ कोको-डे-मेर का पौधा लगाया। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति भारत और सेशेल्स की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बोटैनिकल गार्डन्स में विश्व प्रसिद्ध विशाल अल्डाब्रा कछुए भी देखे। उन्होंने कहा कि यह प्रजाति भारत और सेशेल्स की गहरी मित्रता का प्रतीक है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2014 में ऐसे दो कछुए कोलकाता के अलीपुर प्राणी उद्यान को उपहार स्वरूप दिए गए थे।

प्रधानमंत्री ने सेशेल्स में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस यात्रा को हिंद महासागर क्षेत्र में भारत-सेशेल्स रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



अन्य सम्बंधित खबरें