प्रधानमंत्री मोदी छह दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना, इंडोनेशिया,... - CG Sandesh

प्रधानमंत्री मोदी छह दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का करेंगे दौरा

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह दिन की विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं। इस दौरान वह इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे। यात्रा का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देना है।

इंडोनेशिया में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से होगी मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर सबसे पहले इंडोनेशिया पहुंचेंगे। यहां दोनों नेताओं के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ प्रसिद्ध प्रम्बनन मंदिर का भी दौरा करेंगे और वहां भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया में रक्षा, व्यापार और शिक्षा पर होगी चर्चा

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया जाएंगे, जहां उनकी यात्रा प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज के निमंत्रण पर हो रही है। दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा, मोबिलिटी, उभरती प्रौद्योगिकी, खेल और जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री वहां भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

न्यूजीलैंड में आर्थिक और व्यापारिक सहयोग पर रहेगा जोर

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर ऑकलैंड जाएंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक सहयोग को नई दिशा देने पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा होगी।

एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत रणनीति को मिलेगा बल

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर (MAHASAGAR) दृष्टिकोण और स्वतंत्र, मुक्त एवं समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दौरे से तीनों देशों के साथ भारत के संबंधों को नई गति मिलेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें