बिलासपुर के एसएस पब्लिक स्कूल पर अवैध फीस वसूली के आरोप, एनएसयूआई ने जांच की मांग उठाई
बिलासपुर : शहर के एसएस पब्लिक स्कूल की खमतराई और बैमा-नगोई शाखाओं को लेकर विवाद सामने आया है। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने स्कूल प्रबंधन पर शिक्षा विभाग के नियमों के उल्लंघन और अभिभावकों से कथित रूप से अवैध शुल्क वसूलने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
एनएसयूआई का आरोप है कि स्कूल 12 माह की नियमित फीस के अलावा हर वर्ष टर्म फीस के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूल रहा है। संगठन का यह भी दावा है कि छात्रों और अभिभावकों पर स्कूल से ही ड्रेस, किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने का दबाव बनाया जाता है, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल परिसर के एक हिस्से को किराये पर दिया गया है। इसके अलावा निजी प्रकाशकों की किताबें बेचने, पर्याप्त खेल मैदान नहीं होने और योग्य शिक्षकों की कमी जैसे मुद्दे भी उठाए गए हैं।
एनएसयूआई ने जिला शिक्षा अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही संगठन ने कथित रूप से अवैध तरीके से वसूली गई राशि अभिभावकों को वापस कराने और आरोप सही पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।