रोड दिखाकर बेचे प्लॉट, अब आम रास्ते पर गेट लगाने से बवाल; नि... - CG Sandesh

रोड दिखाकर बेचे प्लॉट, अब आम रास्ते पर गेट लगाने से बवाल; निगम ने जारी किया नोटिस

राजनांदगांव : शहर के ममता नगर गली नंबर-5 स्थित आनंद विहार कॉलोनी में वर्षों से उपयोग में रहे आम रास्ते को ग्रिल और गेट लगाकर बंद किए जाने का मामला सामने आया है। रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से करते हुए रास्ता तत्काल खुलवाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी रास्ते को आवागमन का मार्ग बताकर प्लॉट खरीदारों को जमीन बेची गई थी। बाद में नगर निगम ने यहां सीसी रोड, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित कीं। इसके बावजूद अब संबंधित भू-स्वामी द्वारा रास्ते को निजी भूमि बताकर बंद कर दिया गया है।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने आरोप लगाया कि आम रास्ते को रातों-रात बंद करना पूरी तरह अवैध है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने रास्ता बंद किया है, उसी ने इसी मार्ग का हवाला देकर प्लॉट बेचे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित भू-स्वामी ने बिना भवन अनुज्ञा के निर्माण कराया है। रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों और कॉलोनीवासियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर बाउंड्री वॉल बनाकर रास्ता बंद किया गया था। शिकायत के बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए रास्ता खुलवाया था, लेकिन अब दोबारा ग्रिल और गेट लगाकर आवागमन रोक दिया गया है।

नगर निगम के अभियंता यूके रामटेके ने बताया कि आम रास्ते पर ग्रिल और गेट लगाकर कब्जा करने की शिकायत मिली है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक मार्ग को बंद करने का अधिकार किसी भी व्यक्ति को नहीं है। मामले में संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वर्तमान में रास्ते पर निजी भूमि का बोर्ड भी लगा दिया गया है। सड़क बंद होने से पूरी बस्ती दो हिस्सों में बंट गई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब लोगों की नजर नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।



अन्य सम्बंधित खबरें