कोयला घोटाला: कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष के बेटे वैभव अग्रवाल से EOW की दोबारा पूछताछ, रामगोपाल अग्रवाल ने किया सरेंडर
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से बुधवार को एक बार फिर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, वैभव अग्रवाल को EOW कार्यालय तलब किया गया है, जहां उनसे कोयला घोटाला, जिला खनिज न्यास (DMF) और अन्य कथित घोटालों से जुड़े मामलों में सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी उनसे करीब आठ घंटे तक लंबी पूछताछ की गई थी।
इस बीच, कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल, जो पिछले करीब तीन वर्षों से फरार बताए जा रहे थे, ने EOW के समक्ष सरेंडर कर दिया है। चावल घोटाला मामले में जारी समन के बाद वह EOW कार्यालय पहुंचे, जहां एजेंसी ने उनके सरेंडर की पुष्टि की है।
EOW अब दोनों मामलों से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच के साथ पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।