शिवरीनारायण की नई पहचान बनी महानदी गंगा आरती, प्रतिदिन उमड़ ... - CG Sandesh

शिवरीनारायण की नई पहचान बनी महानदी गंगा आरती, प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

जांजगीर-चांपा : धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में चित्रोत्पला गंगा महानदी के त्रिवेणी संगम पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली भव्य एवं दिव्य महानदी गंगा आरती अब नगर की नई पहचान बन चुकी है। बनारस और अयोध्या की तर्ज पर होने वाली इस आरती में हर रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर आस्था का अनुभव कर रहे हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत और उनकी टीम के विशेष प्रयासों से शुरू हुई इस पहल का संचालन पार्षद सत्येंद्र केवट के नेतृत्व में नियमित रूप से किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।

इसी क्रम में अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर नगर पंचायत पार्षद ओमप्रकाश छाया साहू तथा राहौद के तहसीलदार चन्द्रकांत चंद्रवंशी अपनी-अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में महानदी गंगा महाआरती में शामिल हुए। दोनों दंपतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

शांतिकुंज हरिद्वार से शिक्षा प्राप्त पंडित चंद्रमोहन शर्मा महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया और उपस्थित श्रद्धालुओं को महानदी गंगा आरती के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।

चित्रोत्पला गंगा महानदी का त्रिवेणी संगम महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के संगम के रूप में प्रसिद्ध है। धार्मिक मान्यता है कि इस पवित्र स्थल पर श्रद्धा और विधि-विधान से की गई आरती एवं पूजा-अर्चना से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर महानदी गंगा महाआरती में शामिल हो रहे हैं।

लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और भव्य आयोजन के चलते महानदी गंगा आरती अब शिवरीनारायण की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान के रूप में स्थापित होती जा रही है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें